पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर 50 लाख का जुर्माना कम? शाहिद अफरीदी ने पीसीबी से और कठोर कार्रवाई की मांग की
टी20 विश्वकप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल का दौर जारी है। पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन से नाखुश पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने खिलाड़ियों पर 50-50 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया है। हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को इस सजा से तसल्ली नहीं मिली और इसे छोटी सोच बताया है। साथ ही उन्होंने पीसीबी से कुछ खिलाड़ियों पर और कठोर कार्रवाई की मांग की है। अफरीदी ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों पर दो साल का बैन तक लगा देना चाहिए। पाकिस्तान टीम को ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया से हार मिली और इसके बाद सुपर-8 में करो या मरो मुकाबले में तय समीकरण के मुताबिक जीत हासिल नहीं कर सके।
शाहिद अफरीदी ने क्या कहा?
पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी पर बातचीत के दौरान शाहिद अफरीदी ने कहा, 'पीसीबी का यह फैसला नहीं समझ में आने वाला फैसला है। छोटी सोच है। 50 लाख पाकिस्तानी रुपये भी क्या करेंगे। मेरे ख्याल में ये कोई जुर्माना नहीं है।' अफरीदी ने जुर्माने की बजाय संरचनात्मक सुधार की मांग की। उन्होंने कहा, 'जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, उन्हें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भेजा जाए।' अफरीदी ने और कठोर सजा की मांग करते हुए कहा, 'कुछ ऐसे भी खिलाड़ी हैं, जो मैं समझता हूं कि दो साल से पहले पाकिस्तान टीम में नहीं वापस आने चाहिए। ये सजाएं काफी हैं।'
वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी की बात
शाहिद अफरीदी ने खिलाड़ियों के बेहतर वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'जिन्हें आराम देना चाहिए, उन्हें आराम दे दिया जाए। खिलाड़ियों के अंदर बदलाव लेकर आएं। ये सजाएं काफी हैं। 50 लाख...मेरे ख्याल से पीसीबी की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है अभी तक।' पाकिस्तान टीम को सुपर-8 में इंग्लैंड के हाथों हार मिली। इससे पहले टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 मैच बारिश से धुल गया था। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले थे। श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को या तो 64 रन से या फिर 13.1 ओवर में जीत हासिल करनी थी। उस मैच में पाकिस्तान टीम ने 212 रन बनाए, लेकिन जवाब में श्रीलंका ने भी 207 रन बना डाले और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई। इस तरह पाकिस्तान की टीम 2023 वनडे विश्वकप, 2024 टी20 विश्वकप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक और आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में पहुंचने में नाकाम रही।
IPL मुकाबला: KKR के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी CSK, रोमांचक भिड़ंत तय
बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: राजस्व विभाग ने कई तहसीलों से अफसरों को हटाकर किया पुनर्गठन
चुनाव प्रचार के गीतों पर घमासान: TMC सांसद सायनी घोष पर क्यों भड़की BJP, तुष्टीकरण के आरोप तेज
मुंबई की गेंदबाजी पर चर्चा, डुप्लेसिस ने दी अहम सलाह
बंगाल की सियासत में बड़ा उलटफेर: ममता बनर्जी ने 15 साल बाद अपनाया वाम मोर्चा जैसा रास्ता
हरीश रावत के बयान पर चर्चा तेज: खुद को बताया ‘तांत्रिक’, कहा—मैं घमंडी हूं, जानें पूरा मामला
10 रुपये के विवाद में नौकरी छिनी, अदालत ने पलटा फैसला
इंदौर को मिली नई सौगात, इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने को तैयार